चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) ने चार विभागों के छात्रों को कैंपस में आने का न्योता दे दिया, लेकिन उन्हें चाय-नाश्ते आदि के लिए कैंपस से बाहर जाना पड़ रहा है। इससे समय की बर्बादी हो रही है और बाहर के खाद्य पदार्थ खाने से कोरोना आदि का भी खतरा बना हुआ है। छात्रों ने कहा है कि उनके विभागों की कैंटीन खोली जाएं।
पीयू ने एमएससी अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को कैंपस में बुलाया हैं, जिनमें रसायन, भौतिक, औषधि विज्ञान विभाग व डेंटल कॉलेज के शामिल हैं। इनकी संख्या 500 से अधिक है। ये विद्यार्थी सुबह ही अपनी कक्षाओं में पहुंच जाते हैं। कक्षाएं लगने के बाद इनका काम प्रयोगशालाओं में शुरू हो जाता है। जब भी इनको चाय-नाश्ते का समय मिलता है तो यह कैंटीन ढूंढते हैं लेकिन वह बंद हैं। कुछ विद्यार्थी हिम्मत करके बाहर जाते हैं। इसमें उनका समय भी अधिक लग रहा है और पैसे भी अधिक खर्च हो रहे हैं। छात्रों ने कहा है कि जल्द से जल्द विभागीय कैंटीन खोली जाए ताकि उन्हें मुश्किल न हो।