चंडीगढ़। सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर पूर्वांचल से जुड़े कई संगठनों ने छुट्टी की मांग की है। संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर चंडीगढ़ में छठ पर छुट्टी हो। बिहार परिषद के अध्यक्ष उमा शंकर पांडेय, संगठन मंत्री सत्यम ओझा, पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त सचिव सुनील गुप्ता, पूर्वांचल सांस्कृतिक संघ के अध्यक्ष मुकेश राय, चंडीगढ़ छठ महासंघ सेवा समिति रायपुरखुर्द के चेयरमैन नवलीन सिंह, अध्यक्ष पवन सिंह और खजांची सुनील सिंह ने चंडीगढ़ प्रशासन से छुट्टी की मांग की है।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में बड़ी संख्या में बिहार, झारखंड व उत्तर प्रदेश के लोग रहते हैं। इनमें से हजारों परिवार महापर्व मनाते हैं। छठ चार दिनों का पर्व होता है। अस्ताचलगामी और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पर्व समाप्त होता है। छठ घाट पर परिवार के साथ लोग जाते हैं। ऐसे में छुट्टी नहीं मिलने पर कई लोगों को फैक्टरियों से नौकरी से भी निकाल दिया जाता है, इसलिए इस दिन छुट्टी की जाए। उमाशंकर पांडेय ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों को भी बता दिया है।