हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने सोमवार को आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आप पांच साल से नौटंकी कर रही है। उनके मोहल्ला क्लीनिक में डॉक्टरों के साथ जानवर मिलते हैं। यह मोहल्ला क्लीनिक की जमीनी हकीकत है। इनसे बढ़िया तो हमारी पीएचसी हैं। जहां लोगों को सही इलाज मिलता है।
अनिल विज बुधवार को सनातन धर्म मंदिर में बीजेपी कार्यकर्ता अनिल कौशल की माता के निधन पर क्रिया में शामिल होने आएं थे। उन्होंने अरविंद केजरीवाल के उस बयान को गलत बताया, जिसमें कहा गया था कि भाजपा सरकार बनती है तो दिल्ली वासियों को पानी तक नहीं मिलेगा। अनिल विज ने कहा कि केंद्र अन्य प्रदेशों में भाजपा अच्छा शासन कर रही है। जबकि केजरीवाल तथ्यों पर कोई बात नहीं कहते।
एसवाईएल के मुद्दे पर गृहमंत्री ने कहा कि पंजाब ने कभी नहीं कहा कि वह हरियाणा को पानी देगा। केंद्र व प्रदेश में इतने लंबे समय से सरकारों ने बातचीत से हल निकालने की बात कही। लेकिन कभी इस पर बात नहीं की। हमने सुप्रीम कोर्ट से केस जीता। एससी ने बातचीत से हल निकालने को कहा। जिसके बाद एससी में याचिका दायर की है।
जल्द ही हरियाणा को न्याय मिलेगा। कांग्रेस अध्यक्षा सैलजा कुमारी के पीलिया ग्रस्त दो महिलाओं को दस-दस लाख रुपये का मुआवजा दिलाने के बयान पर अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस ने मांगने का काम शुरू कर दिया है। उनके पास बचा भी कुछ नहीं है, तो कुछ तो करना ही है। उन्होंने कहा कि सरकार के जो नियम हैं उसी के अनुसार इस पर काम किया जाएगा। विज ने भी सवाल करते हुए कहा कि सैलजा बताएं कि उन्होंने अपनी सरकार में किसे कितने रुपये दिए।