दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल।
- फोटो : @AamAadmiParty
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को पंजाब के जालंधर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 75 साल से तमाम राजनीतिक दलों ने पंजाब की हालत खस्ता कर दी है। एक-एक करके पंजाब में समस्याएं खत्म होंगी... आप बस भगवंत मान पर विश्वास रखो।
केजरीवाल ने कहा कि आप लोग कांग्रेस को वोट दोगे तो कोई फायदा नहीं होगा क्योंकि काम तो आप सरकार को करना है। कांग्रेस का लोकसभा उम्मीदवार जीत गया तो बेवजह झगड़ा करता रहेगा... काम होंगे नहीं। इससे पहले केजरीवाल ने उद्यमियों के साथ दो घंटे एक होटल में बैठक की और उनकी समस्याएं सुनीं। केजरीवाल ने उद्यमियों को कई आश्वासन भी दिए और कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
अरविंद केजरीवाल ने रिंकू को वोट देने की अपील की और कहा कि 25 हजार युवाओं को पक्का किया जा चुका है। आज कोई पानी की टंकी पर नहीं चढ़ता क्योंकि पंजाब में नौकरी उपलब्ध हो रही है। उनहोंने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर जालंधर के कूड़े का पहाड़ भी खत्म किया जाएगा। जालंधर में कोई बड़ा अस्पताल नहीं... जल्दी खोला जाएगा।
केजरीवाल ने कहा कि कई सड़कें खराब हैं... तैयार की जा रही हैं लेकिन आप भगवंत मान पर भरोसा रखो। जिसने एससी बच्चों का वजीफा खाया, उसको कॉलर से पकड़कर मान सरकार ने अंदर किया। जालंधर पहुंचने पर अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान का स्वागत इलाका विधायक रमन अरोड़ा ने माता की चुन्नरी गले में डालकर किया।