दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मंगलवार को फिर पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे। वे दोपहर 2.50 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उसके बाद शाम करीब छह बजे जालंधर के श्री देवी तालाब मंदिर जाएंगे। यहां केजरीवाल मां दुर्गा जी के जागरण में शामिल होंगे। केजरीवाल का 15 दिन में यह दूसरा दौरा है।
पार्टी मुख्यालय में मंगलवार को केजरीवाल के दौरे की जानकारी देते हुए पंजाब मामलों के सह-प्रभारी एवं दिल्ली से विधायक राघव चड्ढा ने बताया कि दोआबा की सरजमीं पर जालंधर स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री देवी तालाब मंदिर की मान्यता जगजाहिर है। वहां माता रानी के दरबार में मांगी गई हर मनोकामना पूर्ण होती है।
इस कारण नवरात्र के पावन पर्व पर अरविंद केजरीवाल मंदिर में अमन-प्यार, आपसी भाईचारे की मजबूती और खुशहाल पंजाब के लिए प्रार्थना करेंगे। चड्ढा ने बताया कि फिलहाल केजरीवाल का मंदिर आगमन तय हुआ है। इसके अलावा यदि कार्यक्रम तय किए जाएंगे तो उनकी जानकारी भी समय रहते साझा की जाएगी।
इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लुधियाना और अमृतसर का दौरा कर चुके हैं। लुधियाना दौरे के समय केजरीवाल ने पंजाब के लोगों को छह गारंटी दी थी। केजरीवाल ने घोषणा की थी कि पंजाब में सभी को मुफ्त इलाज मिलेगा।
अरविंद केजरीवाल के वादे
- सारी दवाइयां और सभी टेस्ट समेत इलाज मुफ्त किया जाएगा
- हर व्यति को हेल्थ कार्ड देंगे जिसमें उसकी हर जानकरी दर्ज होगी
- 16000 मोहला क्लीनिक खोले जाएंगे। हर गांव में मोहल्ला क्लीनिक होगा
- सरकारी अस्पताल को ठीक किया जायगा। बड़े स्तर पर नए अस्पताल खोले जाएंगे
- किसी का रोड एक्सीडेंट होने पर पूरा इलाज सरकार करवाएगी