आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार सुबह करीब 11.30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे। वे पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर हैं। मोगा जाने से पहले उन्होंने एयरपोर्ट के बाहर पत्रकारों से बातचीत की।
केजरीवाल ने कहा कि वे पंजाब और पंजाब की जनता के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करेंगे। पंजाब के विकास और महिला सशक्तीकरण से जुड़ा बड़ा एलान भी करेंगे। केजरीवाल ने मोगा में पार्टी की बैठक में किसी बड़ी शख्सियत के आम आदमी पार्टी में शामिल होने का संकेत दिया।
कयास लगाए जा रहे हैं कि केजरीवाल के मोगा दौरे के दौरान अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकती हैं। हालांकि सोनू सूद की तरफ से इस मामले में कोई बयान नहीं दिया गया है। सोनू सूद की बहन मोगा से इस बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। इसकी घोषणा कुछ दिन पहले सोनू सूद ने प्रेसवार्ता में की थी।
अमृतसर पहुंचे मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब के लोगों को विकास करने वाली स्थिर सरकार की जरूरत है। व्यापार-रोजगार और विकास पर काम करने वाली स्थिर सरकार की जरूरत को आम आदमी पार्टी ही पूरा कर सकती है। हमारी पार्टी पूरे विजन के साथ चलती है। बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य पर काम करती है। दिल्ली के व्यापारियों की तरह पंजाब के व्यापारियों का विकास किया जाएगा।
लुधियाना में आज अरविंद केजरीवाल व सीएम चन्नी
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल मोगा के बाद लुधियाना जाएंगे। यहां वे ऑटो चालकों से मुलाकात करेंगे। वहीं सोमवार को ही पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी लुधियाना से चुनावी रैली का आगाज करेंगे। केजरीवाल के पहुंचने से पहले सीएम चन्नी का ऑटो चालकों के साथ चाय पर चर्चा का कार्यक्रम रख दिया गया है। यहां पर वह ऑटो चालकों से बातचीत करने के साथ उनकी समस्याओं को सुनेंगे।
सीएम चन्नी के आने से पहले ही प्रशासन ने गिल चौक पर ऑटो चालकों को एकत्र कर एक साथ लाइन में खड़ा कर दिया है, ताकि वह आराम से सीएम से बातचीत कर अपनी समस्याओं को रख सके। ज्यादातर ऑटो चालकों को कहना है कि उन्हें अपना काम करने में पुलिस प्रशासन से काफी दिक्कतें आती है।
वहीं उन पर भारी भरकम जुर्माना लगाया जाता है। वह उस पार्टी का साथ देंगे जो उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करेगी। अब देखना होगा सीएम चन्नी ऑटो चालकों को क्या राहत देते हैं।