जालंधर पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह।
- फोटो : twitter
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान नूरमहल आश्रम में सोमवार को 'देव दुर्लभ श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव' का विशाल एवं भव्य आयोजन किया गया। इसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु अपने भाव, उमंग और जोश के साथ समागम में नतमस्तक हुए। इस दौरान खासतौर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह डेरा दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान पहुंचे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्यान और धारणा की शक्ति को विकसित करने के लिए संस्थान के ब्रह्मज्ञानी दीक्षित वेद पाठियों द्वारा एक सुर में वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ किया गया। मंच के माध्यम से संगीत व सुरों में पारंगत शिष्यों ने 'हे परमेश्वर अंतर्यामी तुम ही हो आधार' स्तुति को सामूहिक गायन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। शिष्यों ने गुरुदेव 'श्री आशुतोष महाराज' की पावन मंगल आरती को हृदय के गहन भावों से गायन किया और नम आंखों से गुरुदेव का पूजन किया।
संस्थान के संस्थापक व संचालक 'दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज' के शिष्य स्वामी ज्ञानेशानन्द जी ने मंच से संबोधन करते हुए कहा कि गुरु ब्रह्मज्ञान प्रदान कर हमारा मार्गदर्शन करते हैं जिससे हमारा जीवन सुगम और प्रगतिशील बनता हुआ सार्थकता को प्राप्त करता है। साध्वी मातंगी भारती जी ने मंच संचालन के माध्यम से कहा कि गुरु पूर्णिमा वर्ष का वह मुकुटमणि दिवस है जब गुरु अपनी संपूर्ण कृपा के भंडार खोल देते हैं। गुरु पूर्णिमा भाव भरे अश्रुओं की वह धारा है जो बिना किसी जल के गुरु के श्री चरणों का प्रक्षालन करती है।
विशिष्ट अतिथि राजनाथ सिंह ने संस्थान की आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की और ह्रदय से दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज का धन्यवाद किया। इस विशाल और भव्य कार्यक्रम में श्री राजनाथ सिंह के अलावा राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक क्षेत्र से जुड़े अनेकों अतिथि पधारे, जिनमें से प्रमुख विजय सांपला, अनीता सोमप्रकाश, मनिंदरजीत सिंह बिट्टा, रणदीप सिंह सुरजेवाला कैबिनेट मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा, डॉ. बलजीत कौर, सांसद मनीष तिवारी, सांसद सुशील रिंकू, सांसद परनीत कौर, सांसद गुरजीत सिंह औजला, रवनीत सिंह बिट्टू, हिमाचल से सांसद प्रोफेसर (डॉ.) सिकंदर कुमार समेत आरएसएस के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।