भाजपा जो कहती है वह करती है, ऐसा नहीं कि कांग्रेस, शिअद व आप की तरह कहना कुछ और करना कुछ। रक्षा मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार को रोकने के लिए केंद्र ने ऐसे कदम उठाएं है कि केंद्र से चला पैसा सीधे लोगों की जेब में पहुंचता है। भ्रष्टाचार को लेकर कोई केंद्र या भाजपा शासित प्रदेश पर अंगुली नहीं उठा सकता।
उन्होंने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को बिना सेना का सेनापति बताया। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस में इतनी कलह है कि इस पार्टी के नेता तो एक दूसरे पर ही आरोप लगाते रहते हैं। कांग्रेस नेताओं की आपसी लड़ाई ही खत्म नहीं होती। उन्होंने कहा कि पंजाब में माफियाओं का राज रहा है, जबकि भाजपा शासित किसी भी राज्य में माफिया नहीं है। पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है।
शिअद और आप को घेरते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि यह दल रोजगार की तलाश में विदेश जाने वाले युवाओं को रोकने के बजाय सत्ता में आने पर उनकी आर्थिक मदद करने की बात कर रहे हैं। उन्हें मुफ्त सुविधाएं देने की बात कर कामचोर बना रही हैं, जबकि होना यह चाहिए कि यहां पर रोजगार के अवसर पैदा किए जाएं ताकि उन्हें विदेश में भटकना न पड़े। सत्ता में आने पर भाजपा रोजगार के अवसर पैदा करेगी ताकि किसी को विदेश जाने की जरूरत न पड़े। आप सत्ता में आने पर पंजाब को नशामुक्त करने की बात कर रही है, जबकि दिल्ली की गली-गली में नशे की दुकानें खुली हैं।