एनएसयूआई के राष्ट्रीय मीडिया कोआर्डिनेटर दीपांशु बंसल को एक और अहम जिम्मेदारी मिली है। उन्हें एनएसयूआई के आरटीआई सेल का राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर भी नियुक्त किया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय प्रभारी एनएसयूआई रुचि गुप्ता की मंजूरी के बाद आरटीआई सेल की राष्ट्रीय प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने नियुक्ति प्रदान की है।
छात्रों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद करने के चलते दीपांशु को यह जिम्मा सौंपा गया है। आरटीआई के क्षेत्र में वह काफी सक्रिय हैं। दर्जनों आरटीआई दायर कर अनेक खुलासे कर चुके हैं। एनएसयूआई के आरटीआई सेल का राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर नियुक्त होने के बाद दीपांशु केंद्र सरकार के जनविरोधी फैसलों को सूचना के अधिकार के तहत उजागर करेंगे।
दीपांशु एआईसीसी मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के नजदीकी विजय बंसल के पुत्र हैं। शिवालिक बचाओ मंच के अध्यक्ष व पूर्व चेयरमैन विजय बंसल ने बेटे की नियुक्ति पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व सुरजेवाला का धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दीपांशु की नियुक्ति से संगठन को और मजबूती मिलेगी। दीपांशु बंसल ने अपनी नियुक्ति के लिए रणदीप, राष्ट्रीय प्रभारी रुचि गुप्ता, राष्ट्रीय महासचिव सुरभि द्विवेदी इत्यादि का आभार जताया है।