नगर निगम कमिश्नर बी पुरुषार्था ने अतिक्रमण हटाओ दस्ते को निर्देश दिए हैं कि बाजारों की पार्किंग में कोई भी फड़ी न लगे। मालूम हो कि नगर निगम ने फड़ी वालों केचालान काटने पर पाबंदी लगाई हुई है, जिस कारण शहर के बाजारों में फडियां बढ़ने से दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सेक्टर-22 और 19 की पार्किंग में फड़िया लग रही हैं जिस कारण सेक्टर-22 की शोरूम मार्केट एसेसिएशन (किरण सिनेमा ब्लाक) के अध्यक्ष प्रवीण दुग्गल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल कमिश्नर बी पुरुषार्था से मिला। दुकानदारों ने कहा कि वह फड़ी वालों केखिलाफ नहीं है लेकिन पार्किगों से इन्हें हटाया जाए ताकि ग्राहकों को अपने वाहन पार्क करने के लिए जगह मिल सके।
स्ट्रीट वेंडर एक्ट को लागू करने के लिए जो नई प्रक्रिया अपनाई गई है उसके तहत अगले 4 माह तक किसी भी फड़ी वाले का चालान नहीं काटा जाएगा। कमिश्नर ने अतिक्रमण हटाओ दस्ते के कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिए कि बाजारों में नई फडियां न बढ़ने दी जाए। नई फड़ियां लगने पर संबंधित सब इंस्पेक्टर की जिम्मेवारी तय होगी।
हमारी पार्किंग पेड कर दी जाएगी
कमिश्नर से मिलने के लिए शास्त्री मार्केट एसोसिएशन भी गई थी। एसोसिएशन ने मांग की उनकी सेक्टर-22 की शास्त्री मार्केट की पार्किंग को पेड कर दिया जाए जिस पर कमिश्नर ने वीरेंद्र चौधरी को इस पर काम करने के लिए कहा है। एसोसिएशन के अनुसार पेड पार्किंग होने से जहां पार्किंग की दिक्कत समाप्त होगी वहीं पार्किंग में अतिक्रमण नहीं होगा।