चंडीगढ़। धनास लेक में शनिवार सुबह 65 वर्षीय बुजुर्ग शव मिलने हड़कंप मच गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मृतक की पहचान सेक्टर-40 निवासी सुधीर कुमार के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सुधीर कुमार मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। पुलिस को आशंका है कि सुधीर ने या तो आत्महत्या की है या फिर उनका पैर फिसलने से वह लेक में गिरे हैं।
घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की है। धनास लेक के सिक्योरिटी गार्ड मुकेश कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि लेक में एक व्यक्ति का शव पानी में तैर रहा है। सूचना पर सेक्टर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को पानी से बाहर निकालकर जीएमएसएच-16 पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि बुजुर्ग का नाम सुधीर कुमार है और वह सेक्टर-40 में परिवार समेत रहते थे। इसके बाद पुलिस ने परिवार से संपर्क कर जांच आगे शुरू की। पुलिस के अनुसार, सुधीर पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। जानकारी के मुताबिक, वह शनिवार सुबह घर से निकले थे। पुलिस ने रविवार को जीएमएसएच 16 में मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। सेक्टर 11 थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।