माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। सेक्टर-17 स्थित सब्जी मंडी में महिंद्रा पिक-अप चालक से चाकू की नोक पर मोबाइल और नकदी लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है जबकि दो आरोपी भागने में कामयाब हो गए। रविवार को ही आरोपियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करके दोनों का एक-एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
पुलिस को दी शिकायत में संजीव कुमार ने बताया कि वह मूल रूप से हरियाणा कुरुक्षेत्र स्थित तहसील लाडवा के गांव बन निवासी हैं। वह सब्जी लोडिंग का काम करता है। रविवार सुबह करीब 5 बजे वह अपनी महिंद्रा पिकअप में सो रहा था। इस दौरान चार युवक चाकू की नोक पर उसका मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गए। आसपास के लोगों की मदद से मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर सेक्टर-17 थाना प्रभारी रामरतन शर्मा के नेतृत्व में सब्जी मंडी के पास गश्त कर रहे हवलदार बलराम शर्मा ने उक्त चारों आरोपियों का पीछा करके कुछ दूरी पर दो आरोपियों को दबोच लिया जबकि दो भागने में कामयाब हो गए। इसके बाद उन्हें सेक्टर-17 थाने ले जाया गया, जहां पूछताछ में दोनों ने अपना नाम भरत और बिजेंद्र बताया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल, 500 रुपये और चाकू बरामद कर लिया है।