मृतक हरमन सिंह, दविंदर सिंह और जगमोहन सिंह की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दो दिन पहले शुक्रवार को मचाकी पुल के पास सरहिंद नहर में गिरने वाले कार सवार तीनों दोस्तों के शव बरामद हो गए हैं। इनमें से एक नौजवान हरमन सिंह का शव शनिवार रात बरामद हुआ था जबकि बाकी दोनों नौजवानों जगमोहन सिंह व दविंदर सिंह के शव रविवार शाम मिले हैं। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव बीहले वाला के रहने वाले सुखदीप सिंह, हरमन सिंह, जगमोहन सिंह व दविंदर सिंह अपने एक दोस्त अकाशदीप सिंह का जन्मदिन मनाने शुक्रवार दोपहर बाद कार में मचाकी पुल के पास सरहिंद नहर किनारे पर पहुंचे थे। कुछ समय बाद खाने-पीने के लिए कुछ और सामान की जरूरत पड़ी तो इनमें से अकाशदीप सिंह व सुखदीप सिंह नहर किनारे ही रुके रहे जबकि बाकी तीन हरमन, जगमोहन व दविंदर कार में सवार होकर बाजार से सामान लेने चले गए।
बाजार से लौटते समय जब मचाकी पुल के पास पहुंचे तो अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में जा गिरी। हालांकि कार को लोगों ने घटना के कुछ समय बाद ही नहर से बाहर निकाल लिया था लेकिन नौजवान लापता हो गए। घटना वाले दिन से ही ग्रामीणों के साथ-साथ एनडीआरएफ की टीम नहर में तलाश कर रही थी। इसके बाद शनिवार रात हरमन सिंह का शव मुक्तसर के गांव चक्क मोतले वाला के पास से मिला जबकि बाकी दो नौजवानों के शव भी ढीमांवाली के पास से मिल गए हैं।