ट्रेन में सफर करने वालों के बड़ी जरूरी खबर। 7 दिन तक रोज 7 घंटे के लिए रेल आवागमन बंद रहेगा और ट्रैक पर ट्रेनें नहीं दौड़ेंगी। दरअसल, जाखल-बठिंडा ट्रैक पर 6 अप्रैल से 13 अप्रैल तक 7 घंटों के लिए ट्रैक बंद रहेगा।
रेलवे ने जाखल से बठिंडा के बीच दो जगहों पर अंडर पास बनाने का काम करने के लिए 7 घंटों तक यह रूट ब्लॉक लिया है, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के किया जा सके।
रेल मंत्रालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार जाखल बठिंडा के बीच बरेटा के रेलवे फाटक नंबर 170 व 171 तथा मानसा एवं सदासिंह वाला के बीच फाटक संख्या 212 पर निर्माण कार्य होना है।
सुबह 9 बजकर 40 मिनट से लेकर शाम 4 बजकर 40 मिनट तक सात घंटे ब्लॉक लिया जाएगा। जिसके अनुसार इन सात घंटों में इस रूट से गुजरने वाली विभिन्न ट्रेनों में बदलाव कर दिया गया है।