पंजाब की वित्तीय कठिनाइयों के बावजूद मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार ने अपने मुलाजिमों और पेंशनरों के लिए दीवाली के तोहफ़े का ऐलान किया है। वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने खुलासा किया कि मुलाजिमों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते (डीए) में एक नवंबर, 2019 से तीन प्रतिशत की वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सरकारी मुलाजिमों की ड्यूटी के प्रति समर्पित भावना और सख्त मेहनत की सराहना करते हुये यह वृद्धि करने के आदेश दिए हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि इस वृद्धि से पंजाब सरकार के खजाने पर वार्षिक 480 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के मुलाजिमों और पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ते में वृद्धि का फ़ैसला संयोगवश दीवाली के ख़ुशी भरे त्योहार के दौरान लागू होने जा रहा है। मनप्रीत बादल ने कहा कि राज्य सरकार मुलाजिमों के कल्याण के लिए पूर्ण तौर पर वचनबद्ध है और राज्य की अर्थव्यवस्था की मौजूदा स्थिति के बावजूद मुलाजिमों और पेंशनरों के बकाए के निपटारे को यकीनी बनाना जारी रखेगी।