पठानकोट में आतंकी हमले के इनपुट के बाद विभिन्न जिलों और बटालियनों से आए सुरक्षा कर्मियों ने शनिवार को जिले भर के जंगल, पहाड़ियों और सीमावर्ती गांवों में कॉम्बिंग सर्च ऑपरेशन चलाया। सीमावर्ती एरिया बमियाल, नरोट जैमल सिंह, धारकलां, मीरथल, शाहपुरकंडी में भारी पुलिस फोर्स, कमांडो फोर्स, घातक टीम, आर्म्ड पुलिस और सिविल एजेंसियों के अधिकारियों की 200 से अधिक टीमों ने गुर्जरों के डेरों, नालों, दरियाओं के साथ लगते डेरों की जमीनों में लगे ट्यूबवेलों, सुनसान रास्तों और संवेदनशील स्थानों को बारीकी से खंगाला।
वहीं ईंट भट्ठों पर आई लेबर, किराएदारों और गुर्जरों के डेरों का निरीक्षण करके उनके आईडी प्रूफ चेक किए। इसके अतिरिक्त इंटरस्टेट नाकों एवं सीमावर्ती एरिया के विभिन्न चौराहों व मार्गों पर पुलिस संख्या बढ़ाकर जम्मू-कश्मीर से पंजाब में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार अलग-अलग पार्टियों में लगभग 450 पुलिस कर्मचारियों को सीमावर्ती एरिया में तैनात किया गया है। सुबह तड़के साढ़े 5 बजे से जिले के संवेदनशील इलाकों में शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन जारी है, जो अगले 2 दिन और चलेगा। जिले भर में चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन में लगभग 2500 जवान शामिल हैं।
पठानकोट की 35 किलोमीटर की सीमा पाक से सटी
पठानकोट की करीब 35 किलोमीटर सीमा पाकिस्तान से लगती है। इसके अलावा जम्मू कश्मीर से सटे बमियाल, नरोट जैमल सिंह, धार और माधोपुर क्षेत्र बहुत संवेदनशील हैं। यहां एयरफोर्स स्टेशन है और सेना की छावनी भी है। पाकिस्तान सीमा के पास बड़ी संख्या में गुर्जर समुदाय के लोग झुग्गियों में रहते हैं। 2015 को दीनानगर पुलिस थाने और 2016 में एयरफोर्स स्टेशन पर आतंकी हमला हो चुका है। उस वक्त आतंकियों के गुर्जरों के डेरों में ही शरण लेने की सूचनाएं आई थीं।
150 यूनिट ब्लड रिजर्व रखने के आदेश
डीसी रामबीर ने आदेश जारी कर सिविल अस्पताल प्रबंधन को 20 बेड रिजर्व रखने के अलावा 150 यूनिट ब्लड रिजर्व रखने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा जिले भर के सीएचसी (कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर) और पीएचसी के साथ-साथ प्राइवेट अस्पतालों के चिकित्सकों को इमरजेंसी सेवाएं अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों को किया जा रहा अवेयर
पुलिस अधिकारियों ने गुर्जरों के डेरों के संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि यदि उनके पास कोई भी व्यक्ति एवं रिश्तेदार आकर ठहरता है तो वह इसके बारे में पुलिस को जानकारी दें। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि उन्हें अपने आसपास कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है या फिर कोई लावारिस वस्तु मिलती है तो वह पुलिस को सूचित करें।
सिर्फ धार में ही एक हजार जवानों की 50 टीमें
धारकलां में चल रही सर्च में एक हजार जवान, 8 एसपी रैंक के अधिकारी, 50 डीएसपी, आईआरबी के कमांडेंट, 50 जवान, 100 से अधिक महिला पुलिस कर्मचारी, एसओजी के 60 जवान और कमांडो जवान पूरी मुस्तैदी से सर्च ऑपरेशन कर रहे हैं। इस सर्च आपरेशन को सफल बनाने के लिए 50 टीमें बनाई गई हैं, जिसमें हरेक पार्टी में हथियारों से लैस एक कमांडो, महिला पुलिस कर्मचारी, आईआरबी जवान और अधिकारी हैं।
एसएसपी दीपक हिलोरी ने लोगों से अपील की है कि वह देश की सुरक्षा के लिए पुलिस बलों के साथ सहयोग करें। शाहपुरकंडी के सरकारी मॉडल स्कूल से पुलिस के अधिकारियों व जवानों की 50 पार्टियां बनाकर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर सर्च के लिए बसो में भेजा गया।