चंडीगढ़। शहर के अलग-अलग हिस्सों में सीटीयू की बस और ट्रक की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है। मृतकों की पहचान खुड्डा जस्सू निवासी रोहित (30) और उत्तरप्रदेश के जिला बरेली के रहने वाले पिंकू के रूप में हुई है, जबकि घायल मदन लाल का इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में खुड्डा जस्सू के रहने वाले किशोर कुमार ने बताया कि वह पीजीआई चौक पर रेहड़ी लगाता है। रोहित उसकी दुकान पर काम करता था। रोहित सड़क पार कर रहा था कि सीटीयू बस ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने घायल को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
उधर, दड़वा निवासी सोनू ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को किसी काम से जा रहा था। दड़वा स्थित वीआरएल ट्रांसपोर्ट के पास पहुंचा तो एक ट्रक ने दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद उन्हें जीएमसीएच-32 पहुंचाया गया, लेकिन इनमें से एक उत्तरप्रदेश के जिला बरेली के रहने वाले पिंकू की मौत हो गई, जबकि मदन लाल घायल है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।