सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 पर गांव भिगान के पास कार को सड़क किनारे रोककर होटल पर खाना खाने जा रहे युवक को पिस्तौल दिखाकर सोने का कड़ा, दो मोबाइल व नकदी लूटने का मामला सामने आया है। तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। युवक ने घटना के चार दिन बाद थाना प्रभारी को व्हाट्सएप पर शिकायत भेजकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने युवक के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पंजाब के अमृतसर स्थित मेडिकल एनक्लेव निवासी सुमित सरीन ने थाना प्रभारी को भेजी शिकायत में बताया कि वह 27 सितंबर की देर रात कार से दिल्ली जा रहे थे। जब वह देर रात एक बजे भिगान के पास पहुंचे तो उन्हें भूख लगी। उन्होंने एक होटल के पास कार रोकी और खाना खाने जाने लगे तो इसी दौरान एक कार उनके पीछे आकर रुकी। कार से तीन युवक उतरे। एक के पास पिस्तौल थी।
युवक ने पिस्तौल के बल पर उन्हें काबू कर लिया। उन्होंने उनका सोने का कड़ा, दो मोबाइल व कुछ नकदी लूट ली। इसके बाद लुटेरे कार में सवार होकर भाग निकले। मामले का पता लगने पर पुलिस भी पहुंच गई। हालांकि उन्होंने कोर्ट कचहरी के चक्कर में नहीं पड़ने के चलते अपनी शिकायत नहीं दी। इसके बाद वह दिल्ली चले गए। दिल्ली से वह वापस अमृतसर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत करने के बाद अब मुरथल थाना प्रभारी जसपाल के व्हाट्सएप नंबर पर शिकायत भेजकर मुकदमा दर्ज कराया है।