आत्मसमर्पण करता व्यक्ति और कमरे के बाहर खड़ी पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के गुरदासपुर जिले में उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक व्यक्ति थाना धारीवाल से संतरी की एमएलआर राइफल लेकर फरार हो गया। हालांकि बाद में व्यक्ति ने फेसबुक पर लाइव होकर राइफल लेकर भागने की कहानी बताई। पुलिस ने जब युवक को घेर लिया तो उसने आत्मसमर्पण कर दिया। उधर, थाना धारीवाल की पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबकि गांव गुरदास नंगल निवासी जसविंदर सिंह का अपने ही गांव के कुछ लोगों से गुरुद्वारा साहिब को लेकर लड़ाई झगड़ा चल रहा था। जिसकी शिकायत उसने करीब डेढ़ माह पहले थाने में दर्ज करवाई थी लेकिन कार्रवाई न होने के चलते वह परेशान था। सोमवार की सुबह वह थाना धारीवाल पहुंचा और एसएचओ को उसकी शिकायत वापस करने की बात की। जब एसएचओ अपनी फाइलों को देखने लगा तो वह पास में पड़ी संतरी की राइफल लेकर भाग निकला।
इसके बाद व्यक्ति ने फेसबुक पर लाइव होकर थाने से राइफल ले जाने और पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से नाराज होकर इस काम को अंजाम देने का वीडियो डाला। पुलिस ने जब आरोपी को ट्रेस किया तो उसकी लोकेशन काहनूवान के गांव धंदल में ट्यूबवेल पर बने कमरे में मिली।
इसके बाद पुलिस ने कमरे की घेराबंदी कर दी लेकिन युवक आत्मसमर्पण करने के बजाय शर्तें रखने लगा। आत्मसमर्पण के बाद पुलिस उसे अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई। गुरदासपुर के एसएसपी दीपक हिलोरी का कहना है कि आरोपी युवक ने थाने में जाकर संतरी से राइफल छीनी थी। इसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।