सेल्फी खींचता युवक नहर में गिरा
- फोटो : File Photo
खुद से खुद की फोटो खीचने का नाम है सेल्फी, लेकिन ये सेल्फी क्रेज कई बार खतरनाक साबित हो सकता है। बिना जगह और मौका देख सेल्फी लेने की लत जानलेवा हो जाती है। निजी कॉलेज के तीन विद्यार्थी पटियाला-राजपुरा रोड पर स्थित भाखड़ा नरवाना ब्रांच की नहर के किनारे खडे़ सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान एक स्टूडेंट अचानक नहर में गिर गया।
थाना खेड़ी गंडिया पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बनूड़ के नजदीक एक निजी कॉलेज के तीन विद्यार्थी आसिफ, रितिक राणा और पीरजादा गौहर तीनों निवासी जम्मू एंड कश्मीर वीरवार को कॉलेज में छुट्टी होने के चलते मौज मस्ती करने राजपुरा के नजदीक भाखड़ा नरवाना ब्रांच नहर के किनारे पहुंचे। नहर किनारे सभी सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान रितिक राणा का पैर फिसल गया और वह नहर में जा गिरा। उसको बचाने के लिए पीरजादा गौहर ने भी नहर में छलांग लगा दी, लेकिन वह रितिक को नहीं बचा सका।
मौके पर मौजूद लोगों ने गौहर को नहर से बाहर निकाला। उसे राजपुरा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। नहर में गिरे रितिक राणा (22) का कुछ पता नहीं चल सका । सूचना मिलते ही कॉलेज का स्टाफ और विद्यार्थी भी मौके पर पहुंचे और नहर में डूबे नौजवान की तलाश शुरू कर दी। थाना खेड़ी गंडिया पुलिस ने नहर के किनारे ड्यूटी लगा दी है।