लेनदारों से दुखी होकर एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक ने आत्महत्या करने से पहले सुसाइड नोट भी लिखा। इसमें उसने अपनी मौत के लिए तीन लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में लेने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान हरदीप सिंह निवासी फैजपुरा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक फौजपुरा निवासी हरदीप सिंह ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या करने से पहले सुसाइड नोट में लिखा कि उसने कुछ लोगों से ब्याज पर 1.75 लाख रुपये लिए थे। बदले में उसने अपना घर गिरवी रख दिया था। जब उसने घर गिरवी रखा तो उन लोगों ने कहा कि अब उसे ब्याज देने की जरूरत नहीं है। इसके बाद उसने 75 हजार रुपये के करीब उन्हें दिए। बाद में उन लोगों ने कहा कि उसका 75 हजार रुपये ब्याज आ गया है।
इसके बाद उन्होंने यह राशि बढ़ाकर 2.80 लाख रुपये कर दी। अब वह लोग उसे जान से मारने की धमकी भी देने लगे थे। इन लोगों से परेशान होकर उसने शनिवार सुबह घर में जहरीला पदार्थ निगल लिया और आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया है।