स्थिति के गंभीर होने पर कई थानों की पुलिस और रिजर्व फोर्स बुलानी पड़ी। सेक्टर-11 थाना प्रभारी मलकीत सिंह, सारंगपुर थाना प्रभारी सेक्टर-3 थाना प्रभारी जयप्रकाश, मलोया थाना प्रभारी जसपाल सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर डटे रहे। डीएसपी ने हत्यारों को जल्द पकड़ने का आश्वान दिया तब प्रदर्शनकारी लाइट पॉइंट से हटे।
पुलिस ने मौत से पहले अजय के बयान के आधार पर नयागांव निवासी धर्मेंद्र, धनास निवासी स्पाटी, सेक्टर-25 निवासी अजय और साबू समेत अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 323, 325, 147,148,149, 506 और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। मारपीट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किय था। अब हत्या की भी धारा जोड़ दी है। पुलिस ने देर शाम एक आरोपी अजय उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मौत से पहले अजय ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि रविवार रात करीब डेढ़ बजे वह सेक्टर-25 से रॉंग साइड होकर पंजाब यूनिवर्सिटी की तरफ जा रहा था। इसी बीच सामने से आ रही काले रंग की कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। वह बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गया। इसी बीच एक दूसरी कार भी आ गई।
दोनों कारों से आरोपी लोहे की रॉड और डंडे लेकर उतरे और उस पर हमला कर दिया। बयान के मुताबिक नयागांव निवासी धर्मेंद्र ने उसके पैर पर डंडे से मारने शुरू किए। आरोपी अजय, साबू और स्पाटी ने भी हाथ-पैर पर वार किए। अन्य युवकों ने लात-घूसों से पीटा। उसने शोर मचाया लेकिन कोई नहीं आया। उसे अधमरा कर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पुलिस पहुंची और उसे पीजीआई में भर्ती कराया। हमले में अजय का काफी खून बह गया था।
भाई ने आप नेता पर लगाया हत्या करवाने का आरोप
मृतक के भाई सोनू ने स्थानीय आप नेता पर पर अपने भाई की हत्या करवाने का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस अब तक आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है। पुलिस ने पूछताछ के लिए आप नेता को भी थाने बुलाया। आप नेता ने दूसरी पार्टी के नेताओं की साजिश बताते हुए अपना नाम उछाले जाने की बात कही। उन्होंने पीड़ित पक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनियाद और झूठा बताया और कहा कि उसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है।
अजय पर भी दर्ज थे हत्या समेत आठ केस
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अजय पर सेक्टर-11 थाने में हत्या, आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत कुल आठ केस दर्ज हैं। सूत्रों के मुताबिक पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मामला रोडरेज में हत्या का है या फिर पुरानी रंजिश का।