विकासनगर में मौके पर परिजनों से बात करते थाना प्रभारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
प्रेम-प्रसंग में गोहाना उपमंडल के गांव बुटाना की शादीशुदा युवती 21 वर्षीय संगीता व 22 वर्षीय युवक अजय ने शहर के विकास नगर के एक मकान में फांसी लगाकर जान दे दी। मकान युवक अजय के चाचा सत्यवान का है। पुलिस ने दोनों के परिजनों के बयान दर्ज कर शव पोस्टर्माटम के बाद उनके हवाले कर लिए। लड़की का शव उसकी ससुराल वाले ले गए हैं। युवती 21 दिन पहले अपनी ससुराल रोहतक जिले के गांव कान्ही से लापता थी, जिसकी रिपोर्ट रोहतक के सदर थाने में दर्ज कराई गई थी।
सदर थाना प्रभारी अजय मलिक ने बताया कि बुटाना गांव निवासी सतपाल का मुरथल रोड स्थित विकास नगर में मकान है, जो खाली है। सतपाल ने बताया कि देर रात पड़ोसियों ने सूचना दी कि मकान में कुछ आवाजें आ रही हैं। जब वह मौके पर पहुंचा तो बरामदे में उसके भतीजे अजय व गांव की ही युवती संगीता शव फंदे पर लटका मिले।
उसने तुरंत अजय के परिजनों को गांव में सूचना दी। वे मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम से अवगत करवाया। शुक्रवार सुबह बुटाना से युवती के मायके व कान्ही गांव से ससुराल वाले सोनीपत पहुंचे। दोनों पक्षों की मौजूदगी में पुलिस ने शवों को नीचे उतारा और पंचनामा किया। साथ ही एफएसएल की टीम ने मौके से सबूत जुटाए। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।
पांच माह हुई थी संगीता की शादी, 21 दिन से लापता थी ससुराल से
विकासनगर में मौके पर परिजनों से बात करते थाना प्रभारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि संगीता की शादी पांच माह पहले रोहतक के गांव कान्ही निवासी अजय कुमार के साथ हुई थी। 14 सितंबर की रात को संगीता अपने ससुराल से लापता हो गई। उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने रोहतक के सदर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया था।
उधर, बुटाना से युवक अजय भी उसी दिन से लापता था। बताया जाता है कि चुपके से अजय अब संगीता के साथ अपने चाचा के खाली मकान में सोनीपत पहुंचा और दोनों ने फांसी खाकर जान दे दी।
मकान के बरामदे में युवक और युवती से फंदा लगाकर जान दी है। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। दोनों ने जिस तरह से एक ही जगह फंदा लगाकर जान दी है तो मामला प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। किसी तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है। - अजय मलिक, सदर थाना प्रभारी