पूर्व अकाली नेता के गनमैन रहे एक पुलिस मुलाजिम पर शादी का झांसा देकर दो साल तक युवती से रेप करने का मामला सामने आया है। थाना फेज-11 की पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर रेप समेत विभिन्न धाराओं के तहत आरोपी सिमरनजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आरोपी रोपड़ का रहने वाला बताया जा रहा है। थाने के एसएचओ सुखदेव सिंह ने केस दर्ज करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, पीड़िता का कहना है कि अभी उनके परिवार को आरोपी के परिवार वालों से खतरा है। क्योंकि उनकी पहुंच काफी ऊपर तक है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया है कि वह दो साल पहले शहर में ही एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी। वह एक दिन फेज-11 में मोबाइल रिचार्ज करवाने गई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसका नंबर नोट कर लिया था।
इसके बाद आरोपी उसे फोन करने लगा। दोनों में बातचीत होने लगी। इस दौरान उसने युवती को बताया कि वह परिवार में अकेला है। उसके माता-पिता नहीं हैं। उसे वह कहीं पर नौकरी लगवा दे। इसी बीच जब एक दिन वह फेज-11 पहुंची तो आरोपी उसे बस स्टैंड पर बाइक पर लेने के लिए पहुंच गया। साथ ही आरोपी उसे फेज-9 स्थित अकाली नेता के घर पर ले गया। वहां पर उसकी ड्यूटी थी। युवती का आरोप है कि वहां पर उसने जबरदस्ती की। साथ ही उसे कहा कि जहां पर वह नौकरी कर रहा है। उनकी पहुंच काफी ऊपर तक है। वह उससे शादी कर लेगा, लेकिन वह अपना मुंह बंद रखे। इस दौरान काफी दिनों तक वह उसके साथ संबंध बनाता रहा।