सिरफिरा प्रेमी एक युवती को जबरन गाड़ी में बैठा ले भागा। एक किलोमीटर तक युवक हंगामा करता हुआ कार को दौड़ाता रहा। युवती ने रास्ते में पुलिस राइडर को देख शोर मचाया तो पुलिस ने पीछा कर 5 मिनट बाद कार को घेर लिया।
खुद को फंसता देख युवक ने अपने गले पर किसी नुकीले हथियार से हमला कर लिया। पुलिस ने युवक को पीजीआई इमरजेंसी में दाखिल कराया है। थाना पीजीआई पुलिस ने युवती के बयान पर छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है।
यह नाटकीय घटनाक्रम शुक्रवार शाम साढ़े 6 बजे पुराना आईटीआई ग्राउंड और चिन्योट कॉलोनी के बीच घटित हुआ। आरोपी का पिता दिल्ली पुलिस में तैनात है।
घटना का आंखों देखा हाल इस प्रकार
लड़की ने बताया कि वह स्कूटी पर सवार होकर अशोका चौक से शिवाजी कॉलोनी स्थित अपने घर पर जा रही थी। जब वह पुराने आईटीआई ग्राउंड स्थित फ्लाईओवर पर पहुंची तो पीछे से श्रीनगर कॉलोनी निवासी दीपक अपनी कार लेकर आ गया। दीपक ने कार स्कूटी के आगे अड़ा दी।
दीपक ने उसे गाड़ी में बैठने को कहने लगा। कई बार कहने के बाद वह पिछली सीट पर बैठ गई, लेकिन उसने उसे अगली सीट पर बैठने को कहा। मना किया तो दीपक ने नुकीला हथियार निकाल लिया और उसे धमकी देने लगा। कहा कि अगर वह उसके साथ शादी करने को तैयार नहीं हुई तो वह उसके परिवार और उसे जान से मार देगा।
इसी बीच दीपक ने कार को दौड़ा लिया और श्रीनगर कॉलोनी की ओर ले गया। रास्ते में लड़की ने पुलिस राइडर देखी तो शोर मचा दिया। शोर सुनकर राइडर गाड़ी के पीछे हो लिए और एक किलोमीटर पीछा करने के बाद चिन्योट कॉलोनी में उसे घेर लिया।
लड़की कार से उतर गई। खुद को घिरा देख कर युवक ने अपनी गर्दन पर नुकीले हथियार से 3-4 बार वार कर दिए। इससे वह लहूलुहान हो गया। दीपक ने अपनी कमीज फाड़ ली और हंगामा करने लगा।
लड़की ने पहले भी की थी युवक की शिकायत
शोर सुनकर मौके पर भीड़ जुट गई। गांधी नगर कैंप चौकी और सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को काबू कर लिया। युवक की हालत को देखते हुए उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया।
अभी युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पहले भी लड़की ने युवक के परिजनों को शिकायत की थी कि दीपक उसे तंग कर रहा है। उस समय परिजनों ने समझौता करा दिया था।
‘लड़की की शिकायत पर दीपक के खिलाफ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को फिलहाल पीजीआई में दाखिल कराया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लड़का, लड़की पर विवाह करने के लिए जबरदस्ती दबाव बना रहा था। जांच जारी है।’
एमआई खान, एसएचओ, थाना पीजीआई, रोहतक