जालंधर के शहीद बाबा दीप सिंह नगर में रहने वाली युवती के परिजन जब देर रात उसके कमरे में उसे खाना खाने के लिए बुलाने गए तो वहां का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन निकल गई। युवती फंदे से लटकी हुई थी। बताया जाता है कि युवती आइलेट्स का पेपर देकर लौटी थी। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई थी। मृतक युवती के पिता एनआरआइ हैं। उसके पिता कुलवंत सिंह आबू धाबी में रहते हैं, जबकि भाई न्यूजीलैंड में है। मामले की जांच की जा रही है।
एसएचओ सुखबीर सिंह ने बताया कि बाबा दीप सिंह नगर की रहने वाली 24 साल की सिमरजीत कौर की मां परमजीत कौर के मुताबिक सिमरजीत भी बाहर जाना चाहती थी, जिसके लिए उसने काफी तैयारी के बाद वीरवार को आइलेट्स का पेपर दिया था। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह काफी परेशान थी। शाम करीब छह बजे पेपर देकर लौटने के बाद वह सीधा अपने कमरे में चली गई।रात 10 बजे तक कई आवाजें देने के बाद भी वह बाहर नहीं आई तो वे खुद उसे देखने गई।
दरवाजा खोला तो पाया कि वह पंखे के सहारे फंदे से लटक रही थी। उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया। थाना आठ की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से शव नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमरे के अंदर तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।