चंडीगढ़ सेक्टर 16 में महिला आईएएस के घर काम करने के दौरान पेड़ से गिरकर मजदूर की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मोहाली के गांव पर्च का रहनेवाला हरमेश सिंह (50) शुक्रवार को सेक्टर 16 में महिला आईएएस के मकान नंबर 515 में पेड़ काटने के लिए आया था।
हरमेश के बेटे लखबीर सिंह ने बताया कि उनके पिता को बिना किसी सेफ्टी उपकरण के सफेदे का पेड़ काटने के लिए चढ़ा दिया गया। बारिश की वजह से पेड़ पर काफी फिसलन थी।
पेड़ पर करीब 30 फुट तक पहुंचे तो उनका पैर फिसल गया और जमीन पर आ गिरे। परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद वहां मौजूद आईएएस के गनमैन व ठेकेदार हरमेश को जीेएमएसएच 16 ले गए, लेकिन डाक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
हरमेश के बेटे ने कहा कि पिता की मौत की खबर उसको ठेकेदार से करीब 4 बजे मिली। जबकि घटना दोपहर 2.30 बजे की है। परिजनों के मुताबिक हरमेश ठेकेदार पाल सिंह के पास काम करता था।
शुक्रवार को भी पाल सिंह ने उसको पेड़ काटने के लिए बुलाया था। वहीं, परिजनों का आरोप है कि मामला आईएएस अफसर से जुड़ा है इसलिए पुलिस वाले भी उन पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। हरमेश की दो बेटे है और ये सभी दिहाड़ी मजदूर हैं।
हादसे की बात सुनकर गांव के अन्य लोग भी जीएमएसएच 16 इकट्ठे हो गए। सभी लोगों ने परिवार की आर्थिक मदद देने की मांग की। वही पुलिस ने शव जीएमएसएच 16 में रखवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।