पंजाब मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के आवास के बाहर गुरुवार दोपहर एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान फिल्लौर (जालंधर) निवासी राजिंदर कौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला की जमीन पर उसके भाई-भाभी ने कब्जा कर लिया है और उसके मायके के मकान को बेचकर उसकी रकम भी हड़प ली है।
महिला इंसाफ की गुहार लेकर सीएम आवास आई थी और उनसे मिलना चाहती थी। सुरक्षाकर्मियों ने जब उसे सीएम से मिलने की इजाजत नहीं दी तो उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर 16 के अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। सेक्टर-3 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कपूरथला के सीनपुरा की गुरु तेग बहादुर कालोनी की रहने वाली राजिंदर कौर (62) की शादी फिल्लौर (जालंधर) के गांव धालीवाला गुरमुख सिंह वाला निवासी गुरदीप के साथ हुई थी। मायके की ओर से 10 किले जमीन मिली थी। आरोप के मुताबिक, माता-पिता के रहते हुए जमीन ठेके पर थी, जिसका किराया राजिंदर कौर के पास आता था लेकिन माता-पिता के निधन के बाद भाई-भाभी ने जमीन पर कब्जा जमा लिया और किराया भी खुद लेने लगे। साथ ही मायके वाले मकान को जब उन्होंने बेचा तो उसकी भी पूरी रकम खुद ले ली। ऐसे में उसके पास आजीविका का साधन नहीं बचा।
गुरुवार दोपहर राजिंदर कौर चंडीगढ़ सेक्टर-2 स्थित सीएम पंजाब के आवास के सामने पहुंची। सुरक्षाकर्मियों से मुख्यमंत्री से मिलने की गुहार लगाई। आरोप है कि उसे सीएम से नहीं मिलने दिया गया। कुछ देर के बाद राजिंदर कौर ने वहीं जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ी तो सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। राजिंदर कौर को तुरंत जीएमएसएच-16 पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।