कनाडा गया पति जब पत्नी को अपने साथ नहीं ले गया और तलाक के कागजात भेज दिए तो पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास, ससुर व ननद के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि सेक्टर 7 में भारती गुप्ता अपने मायके में रहती है।
वर्ष 2013 में उसकी शादी तरावड़ी निवासी अनुराग गुप्ता के साथ हुई। शादी के बाद अनुराग कनाडा चला गया और वापस नहीं आया। भारती गुप्ता ने कई बार अपने पति को अपने साथ ले जाने की अपील की, लेकिन वह टालता रहा। गत दिनों अनुराग ने भारती से तलाक के कागजात भेज दिए।
इस पर भारती ने ससुराल वालों से भी गुहार लगाई, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। इससे भारती तनाव में आ गई और सोमवार को उसने फांसी लगाकर जान दे दी। शाम को पुलिस ने शव काबू किया और पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया। थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि आरोपी पति, सास, ससुर, व ननद के खिलाफ केस दर्ज किया है।