सतलोक आश्रम में बुधवार को फिर से रामपाल के खास राजदार पुरुषोत्तम, बलजीत और रामकुमार ढाका को निशानदेही के लिए ले जाया गया। शाम करीब चार बजे तीनों राजदार एसआईटी टीम के साथ आश्रम के अंदर गए। करीब एक घंटे तक टीम ने तीनों से निशानदेही करवाई। मौके से पुलिस को कुछ हथियार बरामद हुए। पुलिस ने बुधवार को एक महिला सहित सात लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि
पुलिस ने बताया है कि अभी तक की जांच में छह लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि हुई है। पुलिस प्रशासन की तरफ से प्रदेश की सभी जिला पुलिस को संबंधित व्यक्तियों के बारे में जानकारी हासिल करने और आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के लिए लिखा गया है।
यह मिला सर्च अभियान में
32 बोर रिवाल्वर चार, 37 कारतूस, एक पिस्टल 32 बोर, तीन मैगजीन, 19 एयर गन, आठ डबल बैरल गन, 68 कारतूस, पांच 315 बोर की राइफल, 25 कारतूस, 12 बोर की दो खाली कारतूस, आठ गुलेल कंचे, 1410 कंचे, 45 पेट्रोल बम, 94 एसिड पिचकारी, 410 गैस सिलेंडर, 478ब्लैक ड्रेस, एकमिर्ची बम, 9675 लाठी, 228 हेलमेट, 26 केन शिल्ड, दो किताबें, दो डीजल टैंक 800 लीटर, एक केरोसिन ऑयल 12 सौ लीटर, प्रेगनेंसी टेस्ट स्ट्रीप एक, साढ़े तीन लाख कैश मिले हैं।
एक-दो दिन और चल सकता है सर्च अभियान : आईजी
आईजी अनिल राव ने बताया कि एसआईटी लगातार सर्च अभियान में जुटी है। अभी सर्च अभियान में एक से दो दिन का समय लग सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि 28 नवंबर को हर हाल में रामपाल को हाई कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।