ट्रैफिक पुलिस में तैनात इंस्पेक्टर जसमिंदर सिंह की पत्नी कमलजीत कौर ने सल्फास खाकर जान दे दी। वह डीपीआई कॉलेजिएस पंजाब में बतौर सीनियर असिस्टेंट तैनात थीं। वह सर्वाइकल पेन के चलते काफी समय से डिप्रेशन में चल रही थीं। यही कारण है कि उन्होंने ऑफिस से भी छुट्टी ले रखी थी।
जानकारी के अनुसार, कमलजीत कौर परिवार केसाथ सेक्टर-42 में रहती थीं। उनके दो बच्चे हैं। पति जसमिदंर सिंह चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस में बतौर इंस्पेक्टर तैनात हैं। कमलजीत कौर ने रविवार रात को करीब साढ़े आठ बजे खाना खाया और बाद में अपने कमरे में चली गईं।
इसके कुछ देर बाद कमरे में कमलजीत कौर ने सल्फास खा लिया। करीब नौ बजे बेटा कमरे में गया तो कमलजीत कौर ने उसे सल्फास खाने की जानकारी दी।
बेटे ने इसके जानकारी घरवालों को दी। उसे सेक्टर-16 अस्पताल लाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया।
जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और न ही किसी ने शिकायत दर्ज करवाई है। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।