इलाहाबाद। करेली इलाके के मिनी शहनाई गेस्टहाउस में बुधवार रात साबिर खान की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कत्ल में इस्तेमाल दो तमंचे और कारतूस समेत लाश ठिकाने लगाने में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। कत्ल का खुलासा होने पर पुलिस अफसर भी चौंक गए। पकड़े गए तीन आरोपियों ने बताया कि उस रात वे सभी गेस्टहाउस में मुर्गा-दारू की दावत कर रहे थे तभी मुर्गे के लेग पीस के लिए उनके बीच झगड़ा हो गया। नशे में मारपीट के बाद उन लोगों ने सिर में गोली मारकर साबिर को मौत की नींद सुला दिया। अब इस हत्याकांड में पुलिस को गेस्टहाउस मालिक समेत तीन लोगों की तलाश है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
करेली के गौस नगर में रहने वाले आईटीआई के ट्रेनिंग मास्टर सलीम खां का पुत्र साबिर खां (35) प्रापर्टी डीलिंग समेत कई कारोबार करने वाले ग्यासउद्दीन के साथ रहता था। उसका एक गेस्टहाउस मिनी शहनाई भी है। बुधवार रात वह ग्यासउद्दीन के लिए काम करने वाले जमाल, कल्लू, मोहम्मद अख्तर, अदनान के साथ मिनी शहनाई के कमरे में मुर्गा और दारू की दावत में गया था। वहीं साबिर का कत्ल हो गया। बृहस्पतिवार सुबह नैनी में अरैल मार्ग किनारे गड्ढे में उसकी लाश मिली। पिता सलीम ने ग्यासउद्दीन और उसके भाई निजामउद्दीन समेत छह लोगों के खिलाफ केस लिखाया। नैनी थाना प्रभारी इंद्रजीत चतुर्वेदी ने रविवार रात हमराहियों सिपाही संतोष सिंह और बिजेंद्र नाथ राय के साथ करेली में गोलपार्क के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को उस वक्त दबोच लिया जब वह निशान माइक्रा कार में शहर से बाहर निकलने की फिराक में थे।
एसएसपी केएस इमैनुएल ने बताया कि पकड़े गए लोगों में करेली में करामत की चौकी के पास रहने वाला मोहम्मद अख्तर, रसूलपुर मुहल्ले का कल्लू और करेली का ही मोहम्मद जमाल शामिल है। उनके पास दो तमंचा और तीन कारतूस मिले हैं। बरामद कार गेस्ट हाउस मालिक ग्यासउद्दीन की है।
पूछताछ में इन तीनों ने कत्ल का गुनाह कुबूल लिया। बताया कि बुधवार रात एक ही मुर्गा पकाया गया था, जबकि खाने वाले हो गए थे पांच लोग। मुर्गा-दारू की दावत के वक्त साबिर से एक लेग पीस के लिए झगड़ा हो गया। मारपीट के दौरान जमाल ने तमंचा निकाला तो खींचतान में फायर हो गया। गोली जा धंसी साबिर के शरीर में, मगर तब भी वह भिड़ा रहा। इसके बाद अख्तर ने उसे कमर से पकड़ा और जमाल ने उसके सिर में दो गोली मार दी। खून के छींटे फर्श और दीवारों पर फैल गए थे। कत्ल के बाद जब नशा उतरा तो अख्तर गेस्टहाउस मालिक की माइक्रा निशान ले आया। साबिर को कार में लादकर वे अरैल ले गए और स़ड़क किनारे फेंककर भाग आए। एसपी यमुनापार आशुतोष मिश्र ने बताया कि अब नैनी थाने की पुलिस को साबिर के कत्ल में शामिल अदनान के अलावा मदद करने के आरोपी ग्यासउद्दीन और उसके भाई निजामउददीन की तलाश है।