चंडीगढ़ में मलोया मोड़ के पास सड़क पर देर रात संदिग्ध हालत में बेहोश मिली युवती सुबह अस्पताल से गायब मिली। पुलिस ने डीडीआर दर्ज कर मामले की जांच कर शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि रात को करीब 1 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में किसी ने सड़क पर करीब 24 साल की युवती के बेहोशी की हालत में पड़े होने की सूचना दी।
मौके पर पीसीआर की वैन पहुंची तो युवती सड़क पर गिरी पड़ी थी। उसको मामूली चोटें भी लगी थीं। पीसीआर वैन से लाकर युवती को जीएमएसएच-16 में भर्ती करा दिया गया। एक चश्मदीद ने बताया था कि युवती को एक गाड़ी में सवार लोग सड़क पर फेंक कर भाग गए थे।
पुलिस के मुताबिक रात को युवती बयान देने की हालत में नही थी। ऐसा लग रहा था कि उसने कोई नशा कर रखा है। वह अपना नाम तक ठीक से नहीं बता पा रही थी। पुलिस ने सोचा की सुबह जब वह होश में आएगी तब उसका बयान दर्ज किया जाएगा।
सुबह जब मलोया थाना पुलिस बयान लेने गई तो पता चला कि युवती अस्पताल से जा चुकी र्थी। ड्यूटी पर तैनात डाक्टरों का कहना है कि युवती सुबह होने से पहले ही अस्पताल से चली गई। अस्पताल के पास युवती का नाम पता कुछ दर्ज नहीं है। फिलहाल, पुलिस ने मामले में डीडीआर दर्ज की है और युवती का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
रात के वक्त युवती लड़की बयान नही दे पा रही थी। उसने अपना नाम पता कुछ नहीं बताया था, सुबह होने पर जब पुलिस अस्पताल गई तो वह अस्पताल से जा चुकी थी।
- रामरतन, एसएचओ मलोया पुलिस स्टेशन