नकली नोटों के मामले में रोड़ी पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक आरोपी को काबू कर उसके पास से 40 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर इस गिरोह के अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि रोड़ी में कुछ व्यक्ति नकली नोट चला रहे हैं। जिसके आधार पर पुलिस ने बस स्टैंड के निकट थैला लिए घूम रहे एक व्यक्ति को शक के आधार पर काबू कर उसके थैले की तलाशी ली तो उसमें 500-500 रुपये के 80 नोट बरामद हुए।
इस दौरान एक अन्य आरोपी भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने जांच पड़ताल के दौरान पाया कि एक ही नंबरों के कई अलग-अलग नोट थे। सामने आया कि ये नोट कंप्यूटर द्वारा स्कैन कर बनाए गए थे। काबू किए गए आरोपी की पहचान पंजाब के संगरूर जिला के गांव काल बंजारा निवासी प्रगट सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी से जब पूछताछ की तो उसने बताया कि इस कार्य में उसका एक साथी मलकीत सिंह निवासी कोरवाला शामिल है। पुलिस ने आरोपी को साथ लेकर फरार हुए आरोपी मलकीत के गांव व संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। लेकिन वह हाथ नहीं लगा। वहीं सूचना के बाद सीआईए सिरसा ने भी मौके पर पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की। पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश में है।
आरोपी से 40 हजार रूपये की नकदी बरामद की गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। 2 आरोपी थे जिनमें से एक को काबू कर लिया गया। जबकि दूसरा फरार होने में कामयाब रहा। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। - सत्यवान शर्मा, एसएचओ, रोड़ी।