पटियाला के थाना खेड़ी गंडियां के गांव लोचवां के युवक की मौत सड़क हादसे में नहीं हुई थी। युवक की हत्या की गई थी। वारदात को मृतक की पत्नी के प्रेमी व उसके साथी ने मिलकर अंजाम दिया था। पटियाला पुलिस ने इस हत्याकांड को सुलझाने का दावा किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल रॉड व मृतक का फोन बरामद कर लिया गया है। कत्ल कांड में मृतक की पत्नी की भूमिका थी या नहीं, इसकी फिलहाल जांच की जाएगी।
क्या था मामला
एसएसपी वरुण शर्मा ने रविवार को एक पत्रकारवार्ता में बताया कि गांव लोचवां निवासी जतिंदर सिंह का 12 जनवरी 2023 को घन्नौर-शंभू रोड टी प्वाइंट सनौलियां से शव मिला था। उसके सिर पर व शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे, उसे तुरंत राजपुरा के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था।
मामले में थाना घन्नौर में मृतक के पिता कुलवंत सिंह के बयान पर लापरवाही से ड्राइविंग करते हुए सड़क हादसा होने की धाराओं में केस दर्ज किया गया था लेकिन जब जांच की गई तो सामने आया कि जतिंदर सिंह पर हमला किया गया था। स्कूटर और शव को टी-प्वाइंट पर फेंक दिया था।
गहनता से छानबीन करने पर सामने आया कि थाना शंभू के गांव बपरौर के रहने वाले गुरदियाल सिंह उर्फ निहाल के मृतक जतिंदर सिंह की पत्नी के साथ पढ़ाई के दौरान संबंध थे। अब गुरदियाल सिंह अपने प्रेम को किसी भी तरह से पाना चाहता था।
पिछले कई दिनों से वह अपने साथी जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी के साथ मिलकर जतिंदर सिंह की रेकी भी कर रहा था।
जतिंदर सिंह की पिपल मगोली के बस अड्डे पर इलेक्ट्रानिक्स की दुकान थी। रोज वह अपने स्कूटर पर दुकान पर आता-जाता था। 12 जनवरी 2023 को जब वह रात करीब आठ बजे दुकान बंद करके घर वापस आ रहा था तो घन्नौर-शंभू टी-प्वाइंट सनौलियां के पास रॉड से हत्या कर दी गई थी।