सलेम टाबरी के वार्ड-नंबर 22 के मन्ना सिंह नगर में वीरवार सुबह गत्ते से भरा ट्रक बैक करते समय पलट गया। इसके नीचे दब कर दो मजदूरों की मौत हो गई। पांच घंटे बाद ट्रक को खाली करके सीधा कर शव बाहर निकाले गए।
दोनों के शव दिवार के साथ चिपक गए थे। सूचना पर थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद जगन्नाथ (35) और क्रिश (25) के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए। पुलिस ने खमाणों कलां के रहने वाले ट्रक ड्राइवर भान सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
भान सिंह मेरठ से ट्रक में गत्ता लोड कर मान सिंह नगर की मीरा पैकर्स में आया था। वीरवार सुबह वह फैक्टरी के पास पहुंचा तो वहां पहले से गत्ता उतारने के लिए ठेकेदार घनश्याम मजदूरों के साथ खड़ा था। फैक्टरी मालिक ने उसे गाड़ी बैक कर गली में लाने की बात कही लेकिन गली निर्माणाधीन होने के कारण ट्रक ड्राइवर ने पहले मना कर दिया।
ट्रक के नीचे दबकर दो मजदूरों की मौत
जब वह गाड़ी बैक कर अंदर ला रहा था तो जगन्नाथ और क्रिश गाड़ी को ड्राइवर साइड से बैक करवा रहे थे। फैक्टरी के पास करीब 15 दिन पहले पड़ी सीवर लाइन की मिट्टी धंस गई। इससे ट्रक ड्राइवर की तरफ से पलट गया और दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए।
दोनों के दबने के बाद कोई कुछ नहीं कर पाया। आसपास के लोग और बाकी के फैक्टरी मजदूर गत्ता उतारकर गाड़ी खाली करने में लग गए। गाड़ी खाली करने के बाद क्रेन मंगवाई गई और पांच घंटे बाद जाकर ट्रक सीधा किया गया। इसके बाद शव बाहर निकाले गए।
थाना सलेम टाबरी के एसएचओ इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।