फसल लगाने के लिए किसी से लाखों रुपये का कर्ज लिया था। चुका नहीं पाए तो दो किसानों ने बड़ा खौफनाक कदम उठा लिया। दरअसल, कर्ज के चलते सुसाइड के मामले बढ़ते ही जा रहे है। पंजाब में अब दो और किसानों ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पहला मामला मानसा का है।
गांव साहनेवाली के किसान गुरतेज सिंह(45) पुत्र भजन सिंह ने शुक्रवार रात जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी कर ली। उस पर 10 लाख रुपये का कर्ज था। गुरतेज सिंह के भाई गुरमेल सिंह व पुत्र लखविंदर सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष नरमे की फसल खराब होने के कारण वह अपना कर्ज अदा नहीं कर सके। साढ़े तीन एकड़ जमीन में खेती करने पर इतना कर्ज लौटाना मुश्किल हो गया था। इसमें से 4 लाख कोआपरेटिव बैंक, एक लाख सोसाइटी व 5 लाख रुपये आढ़ती का कर्ज था।
उन्होंने बताया कि इसके कारण गुरतेज सिंह परेशान रहता था। शुक्रवार शाम वह खेत पर गया और जहर निगल लिया। देर रात उसकी घर में ही मौत हो गई। थाना झुनीर के एएसआई अमरीक सिंह ने बताया कि पुलिस कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के जिलाध्यक्ष राम सिंह भैणीवाघा, जसविंदर सिंह व जगरूप सिंह ने राज्य सरकार से किसान का कर्ज माफ करने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है