निर्मल सिंह और जगजीत सिंह की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पटियाला के थाना पसियाना के अंतर्गत हरिंदर ग्रेवाल एनक्लेव निवासी एक किसान ने भाखड़ा नहर में कूद कर जान दे दी। आरोप है कि किसान ने एक आढ़ती से लाखों रुपये लेने थे लेकिन वह लगातार टाल मटोल कर रहा था। पुलिस ने आढ़ती बलजिंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मनदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि बलजिंदर सिंह निवासी गांव रोहड़ जगीर की दूधनसाधा अनाज मंडी में आढ़त करता है। साल 2012 से उसके पिता निर्मल सिंह (66) उक्त आढ़ती को फसल बेच रहे थे। आरोपी ने साल 2016 तक भुगतान नहीं किया था, जो कुल 21 लाख 40 हजार 300 रुपये बनता है।
जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे निर्मल सिंह आरोपी के पास पैसे लेने गया था लेकिन वह घर वापस नहीं आया। उसका शव ककराला पुल के नजदीक भाखड़ा नहर से मिला है। पुलिस ने आढ़ती के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
मानसा: कर्ज से परेशान किसान ने की खुदकुशी
मानसा के गांव कुलरियां के किसान जगजीत सिंह (24) ने खुदकुशी कर ली है। किसान जगजीत सिंह तीन एकड़ जमीन का मालिक था। इस बार गेहूं की फसल मंडी में लेकर गया था। आढ़ती कर्ज के लेन देन के बदले मंडी में गेहूं जबरदस्ती उठाने लगा। किसान ने आढ़ती से मिन्नत की लेकिन आढ़ती गुंडों और असलहा से उसे डराया।
किसान ने डर के मारे कीटनाशक पीकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। किसान अपने पीछे बुजुर्ग मां-बाप और एक छोटी बहन को छोड़ गया है। उधर, पंजाब किसान यूनियन के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोरा सिंह भैणीवाघा व रामफल सिंह चक अलीशेर और बब्बू सिंह कुलरियां ने पंजाब सरकार से आरोपी आढ़ती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सारा कर्ज माफ किया जाए।