हांसी-जींद मार्ग पर गांव ईंटल कलां के पास एक ट्रक ने पीछे से एक बाइक को रौंद दिया। इस हादसे में तीन वर्षीय बच्ची मेघा की मौत हो गई और उसके पिता कुलदीप को गुम चोटें लगीं। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मेघा शनिवार सुबह अपने पिता कुलदीप के साथ बाइक पर जींद से घर लौट रही थी। गांव ईक्कस के नजदीक कुलदीप की बाइक के आगे चल रहे वाहन ने अचानक ब्रेक लगाए।
यह देख उन्होंने भी ब्रेक लगा दिए। इस दौरान पीछे तेज गति में आ रहा ट्रक चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान कुलदीप एक साइड में गिर गया, जबकि उनकी बेटी तीन वर्षीय मेघा ट्रक की चपेट में आ गई।
वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल बच्ची को यहां के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया था, जहां उसने रविवार तड़के दम तोड़ दिया। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम यहां सरकारी अस्पताल में किया गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।