गांव ललहेड़ी पुल के पास शनिवार शाम को जम्मू से मुंबई जाने वाली स्वराज एक्सप्रेस ट्रेन के नीचे एक महिला सहित तीन लोग आ गए जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन तीनों को करीब एक किलोमीटर तक खींचते हुए ले गई।
सूचना मिलने के बाद जीआरपी और आरपीएफ की पुलिस वहां पहुंच गई। अभी तक तीनों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। तीनों मृतकों की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस तीनों मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है।
आरपीएफ के एसएचओ इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने कहा कि शनिवार की शाम को कुछ लोग ललहेड़ी पुल के पास स्थित फाटक से दिल्ली रेलवे लाइन से गुजर रहे थे। इसी दौरान दूसरी तरफ से जम्मू से मुंबई जाने वाले स्वराज एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी, लेकिन तीनों को ट्रेन का पता नहीं चला और तीनों ट्रेन के नीचे आ गए।
लोगों ने तीनों को पीछे हटने के लिए काफी आवाजें दी, लेकिन किसी ने कुछ नहीं सुना। इंद्रजीत ने कहा कि ट्रेन तीनों को करीब एक किलोमीटर तक खींचते हुए ले गई। तीनों के टुकड़े टुकड़े हो गए।
पुलिस ने शवों की पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों को बुलाया, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने देर शाम को तीनों शवों के टुकड़े रेलवे लाइन से बरामद कर लिए है। तीनों के शव कब्जे में लेकर पहचान के लिए रखवा दिए गए है।
इंद्रजीत के अनुसार मृतकों में से एक व्यक्ति दूसरे राज्य का दिखाई पड़ता है। जिस समय यह हादसा हुआ वहां पर बना फाटक बंद था और दोनों तरफ वाहनों की कतारें लगी हुई थी।