परवाणू के पास शनिवार को हुए टॉय ट्रेन हादसे के बाद रविवार को दिल्ली से ब्रिटिश हाई कमिश्नर जेम्स बेवन चंडीगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मोहाली के मैक्स अस्पताल में भर्ती तीन घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनकी सेहत हालत को लेकर चर्चा की।
गौरतलब है कि हादसे में दो ब्रिटिश महिलाओं की मौत और 13 लोग घायल हो गए थे। बेवन ने हादसे के बाद भारतीय अथॉरिटी और रेलवे के प्रयास पर संतुष्टि जताई है। साथ ही कहा कि इस हादसे के बावजूद भारत में आने वाले ब्रिटिश पर्यटकों की संख्या पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
रविवार को सेक्टर-17 स्थित होटल में पत्रकारों से वार्ता में जेम्स बेवन ने बताया कि ब्रिटेन से ग्रेट रेलवे जर्नी ग्रुप का एक टुअर भारत आया था। शनिवार को इस ग्रुप के सभी 39 सदस्य कालका से शिमला ट्रेन से जा रहे थे। इस बीच परवाणू के पास ट्रेन पटरी से उतर गई।
इस हादसे में लॉरेन मैरीटोनर (55) और जॉन निकोलस (71) की मौत हो गई। इसके अलावा 13 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को मोहाली स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद 10 लोगों को उसी वक्त छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से जख्मी डायने लोगान, जॉर्ज बर्ट्राम और एंड्र्यू को एडमिट कर लिया गया।
बेवन के अनुसार मृतकों के परिजन सोमवार को भारत पहुंच जाएंगे। इसके बाद उनकी मौजूदगी में परवाणू में सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम होगा।