चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
- फोटो : demo photo
दिन में रेकी करने के बाद बंद घर को ढूंढ और देर रात को उसी बंद घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चौकी जगतपुरी की पुलिस ने दो आरोपियों को इलाके से गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरे आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने साढ़े चार लाख रुपये की नकदी, 24 तोले सोने के जेवरात, चार एलसीडी और विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन बरामद किए है।
पुलिस ने इस मामले में रवि कुमार उर्फ कालियां, दीपक कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि थाना सदर पुलिस द्वारा पहले से गिरफ्तार कर जेल भेजे गए आरोपी सूरज पाल उर्फ शगुन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अश्वनी कपूर ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपी शातिर चोर है। जोकि पहले भी कई वारदातें कर चुके है। उनका कहना है कि कुछ दिनों पहले सिविल सिटी के कारोबारी अनिल कुमार के घर चोरी हुई थी। कैश, गहनों के साथ चोर मोबाइल भी ले गए थे।
एएसआई कपिल शर्मा की टीम मामले की जांच कर रही थी। जांच में चोरी हुआ मोबाइल ऑन हो गया। मोबाइल लॉकेशन से पुलिस रवि कुमार तक पहुंची। पूछताछ में रवि कुमार ने सूरजपाल और दीपक के बारे में बताया, कि वह इकट्ठे वारदातें करते थे। इसपर पुलिस ने दीपक को पकड़ा, फिर सुरज को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई।
वारदात से पहले करते थे रेकी
डीसीपी अश्वनी कपूर ने बताया कि तीनों आरोपी एक हलवाई के पास वेटर का काम करते है। दिन को तकरीबन आरोपी फ्री होते थे, जोकि दिन में इलाकों में घूम कर रेकी करते थे। रेकी पूरी होने के बाद उस घर में वारदातें करते थे। आरोपियों ने हैबोवाल, लाडोवाल और डिवीजन नंबर-4 के इलाकों में ज्यादातर वारदातें की है। आरोपियों के कब्जे से 4.50 लाख, 24 तोले के जेवर, 4 एलसीडी और 6 मोबाइल बरामद हुए है। आरोपियों ने लक्ष्मी नगर एक क्वाटर के कच्चे फर्श के नीचे नकदी, जेवर और मोबाइल छुपा कर रखे हुए थे।