कार पलटने से दस माह के बच्चे की मौत
गुरदासपुर के गांव नौशहरा के पास एक कार नियंत्रण खोने से पलट गई। हादसे में दस माह के बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन लोग जख्मी हो गए। घायलों को नौशहरा के सेहत केंद्र में दाखिल कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सिविल अस्पताल गुरदासपुर रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में उपचाराधीन सृष्टा ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार प्रिंस, हरमीत कौर निवासी गुरुद्वारा शहीदां के पास, अमृतसर और उनके बच्चों के साथ गुरदासपुर में शनिवार रात धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने आई थी। रविवार दोपहर को वे लोग कार से अमृतसर लौट रहे थे। गांव नौशहरा के पास अचानक चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते कार पलट गई। हादसे में दस माह के पवितजोत पुत्र प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई।
अबोहर: पशु की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
गांव वरियामखेड़ा के पास बेसहारा पशु की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। उसे परिजनों ने सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी पटी सदीक पुलिस मामले की जांच कर रही है। खुईखेड़ा रुकनपुरा निवासी 65 वर्षीय संपूर्ण सिंह गांव वरियाम खेड़ा से शेरगढ़ के रास्ते अपने गांव जा रहा था। रास्ते में अचानक बेसहारा पशु की टक्कर से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसके परिजनों व एंबुलेंस को फोन किया लेकिन 25 मिनट तक एंबुलेंस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों ने उन्हें निजी वाहन से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।