पंजाब और बिहार में हत्या व हत्या की कोशिश के मामले में भगोड़े चल रहे तीन गैंगस्टरों को पटियाला पुलिस ने विदेशी हथियारों समेत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जसप्रीत सिंह मगू, मोहम्मद शाहजहां उर्फ साजन और सुनील कुमार राणा शामिल है। इनके पास से एक विदेशी पिस्टल नौ एमएम व एक विदेशी 12 बोर राइफल, दो पिस्टल 32 बोर और कुल 23 कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी पटियाला में सरपंच तारा दत्त और शमशेर सिंह शेरा मर्डर केस के साथ बिहार के एक अन्य मर्डर केस में वांछित हैं।
आईजी पटियाला रेंज मुखविंदर सिंह छीना और एसएसपी दीपक पारिक ने मंगलवार शाम पत्रकारवार्ता में बताया कि तीनों आरोपियों को पटियाला सीआईए स्टाफ पुलिस ने अंबाला (हरियाणा) मेन जीटी रोड से इनोवा कार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी कत्ल, इरादा कत्ल, लड़ाई-झगड़े और अन्य अपराधों संबंधी केस दर्ज हैं। मोहम्मद शाहजहां के खिलाफ नौ मुकदमे, जसप्रीत सिंह मगू व सुनील कुमार राणा के खिलाफ चार-चार मुकदमे दर्ज हैं।