एक साथ तीन कत्ल होने से दहला पंजाब। अकाली सरपंच समेत दो किसानों की हत्या किए जाने के मामले सामने आए हैं, एक का सिर धड़ से अलग कर दिया गया। पहली घटना पंजाब के मानसा की है। शुक्रवार रात खेत में काम कर रहे अकाली सरपंच समेत दो किसानों का कत्ल कर दिया गया। एक किसान की गर्दन शरीर से अलग कर दी गई। कत्ल किसने और क्यों किया, अभी यह खुलासा नहीं हो पाया है।
सरदूलगढ़ पुलिस ने दोनों किसानों की लाश कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार गांव बरन के अकाली सरपंच जुगराज सिंह (45) से गांव हीरके के नौजवान किसान दीदार सिंह (36) ने कुछ जमीन ठेके पर ली थी। दीदार सिंह अपनी ठेके वाली और जुगराज सिंह अपनी बाकी जमीन में खेती करते थे। शुक्रवार रात दोनों अपने खेतों में गए थे।
दीदार सिंह के पिता सुखदेव सिंह ने बताया कि वह शनिवार सुबह चार बजे खेत में गए तो जुगराज सिंह और दीदार सिंह की लाश खेत में पड़ी थी। मौके पर खून लगी एक कस्सी भी पड़ी थी। दीदार सिंह की गर्दन शरीर से अलग कर दी गई थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सरदूलगढ़ प्रभारी गुरदीप सिंह पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव कब्जे में ले लिए।
थाना प्रभारी ने बताया कि लाशों का पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने सुखदेव सिंह हीरके के बयानों पर अज्ञात के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज किया है। जल्द ही कातिलों को ढूंढ लिया जाएगा। वहीं दो किसानों की मौत के बाद से गांव बरन और हीरके में मातम छाया हुआ है।