एटीएम गार्ड को बंधक बनाकर लूटपाट करने से पहले ही पुलिस ने तीन लुटेरों को मल्लाह मोड़ के पास से रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से देसी कट्टा, गैस कटर, रॉड बरामद किए गए हैं।
इनमें एक आरोपी मैकेनिकल डिप्लोमा होल्डर है, जिसने इंटरनेट के जरिए एटीएम से जुड़ी जानकारियां जुटाकर वारदात की प्लानिंग की थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिनों के पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूत्रों से पुलिस को सूचना मिली थी कि देर रात मल्लाह मोड़ के पास खड़े एक ऑटो में कुछ व्यक्ति लूटपाट की योजना बना रहे हैं।
इसके बाद एसएचओ ललित कुमार की अगुवाई में एक टीम गठित की गई, जिसमें होमगार्ड जवान करण सिंह और संजीव कुमार को भी शामिल किया गया।
टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी मंजीत कुमार, मोहम्मद नाजीम व हरज्ञान को काबू कर उनके कब्जे से देसी कट्टा, एक राउंड, गैस कटर, एक रस्सी, मफलर, कैप, एक ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी गैस सिलेंडर मौके से बरामद किया गया।