स्विफ्ट डिजायर में आए चोर घर के बाहर खड़ी जिप्सी चुराकर ले गए। चोरी का सारा वाकया घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार वीरवार देर रात सेक्टर-20 के मकान नंबर 582 के बाहर खड़ी जिप्सी चोर ले गए।
पीड़ित कमलजीत ने बताया कि रात करीब 1.40 बजे चोर उसके घर के बाहर पहुंचे और 1.57 बजे उनकी जिप्सी थोड़ी दूर तक ढकेल कर ले गए। उसके बाद स्टार्ट कर ले गए। कमलजीत सिंह चंडीगढ़ पुलिस में बतौर कांस्टेबल तैनात हैं। कमलजीत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक डिजायर में तीन लड़के थे। पहले उन्होंने घर के आसपास चक्कर काटा और फिर जिप्सी ले गए। जिप्सी के पास सिर्फ दो लड़के आए, जबकि एक लड़का डिजायर में बैठा रहा।
पहले चोरों ने जिप्सी स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन जब स्टार्ट नहीं हुई तो वह घर के आगे से धक्के मारकर ले गए। सीसीटीवी फुटेज में चोर करीब 100 मीटर तक जिप्सी ढकेलते हुए दिख रहे हैं। उसके बाद वह कैसे लेकर गए, कुछ कह नहीं सकते। सुबह जब कमलजीत उठे तो घर के बाहर से जिप्सी गायब थी। जब उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेेज चेक किए तो चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद सेक्टर-19 थाना पुलिस में इस मामले की शिकायत दी।