पुलिस अब सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
- फोटो : amarujala
मनीमाजरा स्थित उप्पल मार्बल सोसायटी के फ्लैट से चोर नगदी और गहने उड़ा ले गए। फुल प्रूफ सुरक्षा देने का दावा करने वाली सोसायटी में चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर निकल गए और सुरक्षा गार्ड देखते रह गए। पुलिस अब सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के मुताबिक सोसायटी के फ्लैट नंबर आई-31 में सोमवार रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। फ्लैट में संदीप कौर बराड़ (40) अपनी दो लड़कियों के साथ रहती हैं। जिस समय चोरी हुई, वह सेक्टर-9 में पिता के पास गई हुई थीं। महिला पिता के साथ मिलकर ट्रेवल एजेंसी चलाती है। मंगलवार शाम करीब चार बजे जब वह अपने फ्लैट में पहुंची तब चोरी के बारे में पता चला। पुलिस के अनुसार, दरवाजे का लॉक टूटा हुआ था। पुलिस का कहना है कि सोसायटी के गेट, सीढ़ियों, फ्लैट और लिफ्ट में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। ऐसे में चोरी होना मुश्किल है। दरवाजे के टूटे ताले को देखकर लगता है कि उसे भी अंदर से ही तोड़ा गया हो।
महिला जब फ्लैट में पहुंची तो देखा कि दरवाजा खुला पड़ा था और घर का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फ्लैट से करीब 50 से 60 हजार की नगदी के अलावा सोने, चांदी और आर्टिफिशियल गहने चोरी हुए हैं। पीड़ित ने चोरी हुए गहनों की कीमत का ब्योरा नहीं दिया है। वारदात से शर्मिंदा हुए सोसायटी के लोगों ने मीडियाकर्मियों को अंदर नहीं जाने दिया। मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मियों ने आरोप लगाया कि खुद को सोसायटी का प्रधान बता रहे एक व्यक्ति ने गाली गलौज करते हुए उनके साथ धक्का मुक्की की। इसको लेकर मीडिया कर्मियों ने मनीमाजरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दी।
चोरी की सूचना पाकर मौके पर एएसपी, थाना पुलिस पहुंची और जांच शुुरू की। मौके पर फोरेंसिक टीम भी गई व फिंगर प्रिंट के नमूने एकत्रित किए। पुलिस ने गेट और अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।