पंजाब सचिवालय में सुपरिंटेंडेंट के पद पर तैनात नरेंद्र चोपड़ा के सेक्टर-19 स्थित घर से चोर लाखों के गहनों और नगदी पर हाथ साफ कर गए। चोरी की वारदात को जब अंजाम दिया गया, उस समय नरेंद्र परिवार के साथ रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए अमृतसर गए हुए थे। पुलिस ने नरेंद्र की शिकायत पर सेक्टर-19 थाना पुलिस ने दो अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मोटर साइकिल पर आए थे दो चोर
पुलिस को दी शिकायत में नरेंद्र चोपड़ा ने बताया की बीते 15 अप्रैल को वह परिवार के साथ शादी समारोह में अमृतसर गए हुए थे। 17 को अल सुबह करीब तीन बजे उनके पड़ोसी ने फोन पर घर में चोरी होने की सूचना दी। इसके बाद वह चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। सुबह करीब आठ बजे वह घर पहुंचे तो देखा की घर के दरवाजा का ताला टूटा पड़ा था। घर में अलमारी में रखा सामान जमीन पर बिखरा पड़ा था।
उन्होंने पुलिस को सूचना दी। नरेंद्र के अनुसार चोर उनकी अलमारी में रखी हुई करीब डेढ़ लाख की नगदी और करीब दो से ढाई लाख के सोने के आभूषण ले गए। नरेंद्र के पड़ोसियों से पूछताछ करने के बाद पुलिस को पता चला की उनका बेटा अपने कमरे में देर रात तक पढ़ाई कर रहा था। उसे रात करीब दो बजे नरेंद्र के घर से आवाजें सुनाई दी, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। जब ढाई बजे उसने खिड़की से झांका तो दो युवकों को उनके घर से निकलते देखा।
उसे इस बात की जानकारी थी की नरेंद्र के घर में कोई नहीं है। जब चोर मोटरसाइकिल से जाने लगे तो उसने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग और उनके परिवार के लोग बाहर निकले, तब तक दोनों चोर भाग चुके थे। अंधेरा होने के कारण वह बाइक का नंबर नोट नहीं कर पाया।