सेक्टर-23 के एक करियाना स्टोर से सोमवार तड़के चोर शटर तोड़कर करीब एक लाख रुपये की नगदी चुराकर ले गए। शोरूम में लगे सीसीटवी फुटेज में तीनों चोर नजर आ रहे हैं। वहीं हल्लोमाजरा में भी एक घर से चोर लाखों की नगदी पर हाथ साफ कर गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सेक्टर-23 के शोरूम मालिक दीपक बत्तरा ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 4:50 बजे उनके शोरूम नंबर 23 में चोरी हो गई। सुबह उन्हें मार्केट के चौकीदार का फोन आया कि शटर का ताला खुला पड़ा है और ताले टूटे हुए हैं। मौके पर पहुंचकर दीपक ने देखा कि कैश काउंटर को तोड़कर चोर नगदी लेकर फरार हो गए हैं।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पाया कि तीन युवक एस्टीम कार में आए थे। एक चोरी के वक्त शोरूम के बाहर खड़ा था। तो दूसरा युवक गाड़ी में बैठा रहा। 4:55 बजे तीसरा युवक दुकान में घुसा और नगदी चोरी कर फरार हो जाता है। गल्ले से करीब 95 हजार रुपये गायब थे। उन्होंने बताया कि पांच हजार रुपये जागरण के लिए भी इकट्ठे किए हुए थे। पुलिस को जांच में दीपक की चोरी हुई एक चेक बुक सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम के पास मिली है। सेक्टर-17 पुलिस ने दीपक बत्तरा की शिकायत पर तीन युवकों पर मामला दर्ज कर लिया है।